Site icon Youth Ki Awaaz

भारत से पेरिस ओलम्पिक में पदक के पांच प्रबल दावेदार

चंद ही दिनों में पेरिस, फ्रांस में खेलों का महाकुंभ यानी ओलंपिक का आगाज़ हो जाएगा और भारत अपने पिछले ओलंपिक में जीते 7 पदकों के रिकॉर्ड को बेहतर करने की ओर देख रहा है। 1.4 अरब लोगों के इस सपने को साकार करने में उन खिलाड़ियों पर बड़ा दारोमदार रहेगा जिन्होंने हमेशा अपने प्रदर्शन से भारत को गौरवान्वित किया है। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 नाम जो भारत से ओलंपिक में पदक जीतने के प्रबल दावेदार हैं।

1. नीरज चोपड़ा– टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीत चुके नीरज लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। 26 वर्षीय नीरज चीन में हुए एशियन गेम्स 2022 में भी अपने स्वर्ण पदक का बचाव कर चुके हैं। इसके अलावा 2023 में एथलेटिक्स विश्व चैंपियनशिप और 2022 के डायमंड लीग में भी हरियाणा के ये खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। पद्म श्री नीरज जिस तरह लगातार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दे रहे हैं, यह कहना गलत नहीं होगा कि वह भारत की पेरिस में सबसे बड़ी उम्मीद हैं।

2. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी – हाल ही में विश्व के नम्बर वन बैडमिंटन पुरुष युगल बनी इस जोड़ी से भी भारत को बड़ी उम्मीद है। विश्व के नम्बर वन बनने के साथ सात्विक-चिराग एशियन गेम्स 2022 और कॉमनवेल्थ गेम्स 2018, 2022 में भी स्वर्णिम सफलता हासिल कर चुके हैं। इस साल संपन्न हुए फ्रेंच ओपन और थाईलैंड ओपन जीतने के अलावा यह जोड़ी इंडिया ओपन और मलेशिया ओपन में उपविजेता रही। सात्विकसाईराज के नाम सबसे तेज़ स्मैश का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है जो उन्होंने पिछले साल बनाया था।

3. भारतीय पुरुष हॉकी टीम– हॉकी में भारत का स्वर्णिम इतिहास रहा है पर पिछले काफी वर्षों से ओलंपिक में भारत का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। पर टोक्यो में कांस्य पदक जीतने के साथ ही भारतीय हॉकी को एक नई ऊर्जा मिली और तबसे भारत ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। पिछले ओलंपिक के बाद से ही भारतीय हॉकी टीम विश्व की टॉप पांच टीमों में बरकरार है। हाल ही में आयोजित किए गए एशियन गेम्स 2022 और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में स्वर्णिम सफलता हासिल करने के अलावा 8 बार की ओलंपिक विजेता इस टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में रजत पदक जीतकर अपना फॉर्म प्रदर्शित किया है। भारतीय हॉकी टीम 1980 ओलंपिक में आखिरी बार स्वर्ण पदक जीती थी और पेरिस में 44 वर्षों का इंतजार खत्म करना चाहेगी।

4. विनेश फोगाट – अपना रिकॉर्ड तीसरा ओलंपिक खेल रही विनेश से भारत को बड़ी उम्मीद है। विनेश पहली महिला पहलवान हैं जिन्होंने एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीता हो। पिछले कुछ समय से आलोचनाओं का सामना कर रही विनेश ने बिश्केक में एशियन ओलंपिक क्वालिफायर्स में भारत को ओलंपिक कोटा दिलाकर आलोचकों का मुंह बंद कर दिया और अब पदक की प्रबल दावेदार भी मानी जा रही हैं।

5. निखत जरीन – दो बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज जरीन ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के साथ एशियन गेम्स में कांस्य जीतकर अपना फॉर्म प्रदर्शित किया। जरीन ने पिछले दो विश्व चैंपियनशिप में अलग-अलग वेट कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीत कर यह दर्शाया है कि वह क्यों नजरअंदाज नहीं की जा सकती।

इन खिलाड़ियों के अलावा भारतीय टीम में ऐसे अनगिनत खिलाड़ी हैं जो भारत के लिए पदक ला सकते हैं जिनमें पीवी सिंधु, शरत कमल, मनिका बत्रा, लवलीना बोर्गोहन, मीराबाई चानू कुछ ऐसे नाम हैं जिन्हें हर कोई जानता है और ये बड़े मंचों पर और निखर जाते हैं।

Exit mobile version