Site icon Youth Ki Awaaz

“मुझे लगता है कार्तिक हेराफेरी के ‘राजू’ की परछाई तक भी नहीं पहुंच सकते”

हेराफेरी 3 में अक्षय को कार्तिक आरीन रिप्लेस करेंगे

हेराफेरी 2 मूवी की एक तस्वीर में अक्षय कुमार

सुनने को मिल रहा है कि हेरा-फेरी 3 में अक्षय कुमार के स्थान पर कार्तिक आर्यन को “राजू” बनाने की तैयारी हो रही है। हेराफेरी के चाहने वालों के लिए यह बुरी खबर है। यह दूसरी बार हो रहा है जब अक्षय को उन्हीं की फ्रैंचाइज़ी फ़िल्म से बाहर निकालकर कार्तिक को लिया जा रहा है। अक्षय ने हेरा-फेरी 3 के साथ न जुड़ने का अपना कारण बताया है। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें हेराफेरी 3 की स्क्रिप्ट अच्छी नही लगी। ये बात भी सामने आई थी कि अक्षय की फीस और कुछ विशेष मांगें भी उन्हें हेराफेरी 3 से दूर खींच ले आई।

वेलकम में भी हुआ है ऐसा

निर्माता फिरोज नाडियाडवाला ने 2014 में वेलकम के सेकंड पार्ट में अक्षय की जगह जॉन अब्राहम को कास्ट किया था। 2015 में उन्होंने हेराफेरी 3 की घोषणा कर दी थी। तब हेराफेरी 3 में अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम दोनों ही दिखाई देने वाले थे। लेकिन निर्देशक नीरज वोरा के इंतकाल के बाद वह पटकथा ठंडे बस्ते में चली गई और प्रोजेक्ट को बंद करना पड़ा। उस समय अक्षय को हेराफेरी 3 से बाहर करने पर फैंस उतने दुखी नही हुए थे, जितने कि आज हैं।

इसका कारण है मीमे (memes) के आगमन से हेराफेरी का पुनर्जीवित होना। पिछले 3 सालों में इस फ़िल्म के क्लिप्स, स्टिल्स और संवाद मीमे (meme) बनाने के लिए खूब उपयोग में लाए गए।

हेरीफेरी के साथ जुड़ी यादें

हेराफेरी के साथ मेरी कई यादें जुड़ी हुई है। इस फ़िल्म को पहली बार मैंने वीसीडी प्लेयर में देखा था। उस समय एक फ़िल्म दो अलग-अलग कैसेट्स में दो अलग-अलग पार्ट में आते थे, जिन्हें बारी-बारी से बदलकर देखना होता था। लगान और शोले जैसी लंबी फिल्मों के लिए 3 कैसेट्स भी कम पड़ जाते थे। कई छोटे शहरों और गाँवों में ये कैसेट्स एक दिन के लिए किराए पर भी मिलते थे।

मेरे कैसेट्स भंडार में हेरीफेरी सीरीज के वीसीडी और डीवीडी कैसेट्स अभी भी सुरक्षित रखे हुए हैं। डीडी नेशनल में रविवार के दिन शाम 4 बजे वाले स्लॉट में भी इस फ़िल्म को कई दफ़ा देखा है। 

हेराफेरी से कॉमेडी अलग दौर

भूल भुलैया में दोनो अभिनेता।

हेरीफेरी फ़िल्म बॉलीवुड के उस दौर में आई थी, जब फिल्मों की कहानी में कॉमेडी के लिए अलग से सीन रखे जाते थे। इस फ़िल्म के बाद हिंदी सिनेमा में कॉमेडी फिल्मों की एक ऐसी लहर आयी जिसने कईयों के करियर को बचाया, बनाया और सहारा दिया। ये लहर 2010 तक चली और अक्षय की खट्टा-मीठा इस तरह के कॉमेडी फिल्मों की अंतिम फिल्मों में से एक मानी जा सकती है।

रोहित शेट्टी ने भी ‘गोलमाल’ की शुरुआत की और साजिद खान ने ‘हे बेबी’ और ‘हॉउसफुल’ भी उसी दशक में बनाया। निर्देशक इंद्र कुमार और अनीस बज़्मी ने भी कॉमेडी फिल्मों में हाथ आज़माया और सफल भी रहे। बॉलीवुड के उस कॉमेडी दौर के बादशाह प्रियदर्शन बने, जिन्होंने लगातार हिट कॉमेडी फिल्में दी। उस लहर में बनी आधे से अधिक फिल्में किसी न किसी फिल्म से इंस्पायर्ड होती थी। हेरीफेरी की कहानी भी मलयालम फ़िल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ से ली गई थी।

बहरहाल कार्तिक की भूल भुलैया 2 इस वर्ष की सफल बॉलीवुड फिल्मों में से एक है। इसी कारण निर्माता अब अक्षय के रिप्लेसमेंट के रूप में कार्तिक को देखने लगे हैं। हेराफेरी के ‘राजू’ के साथ दर्शकों का अनोखा संबंध है। अगर हेराफेरी 3 में अक्षय होंगे तो भी वे अब ‘राजू’ के किरदार को वैसा प्रस्तुत नही कर पाएंगे जैसा उन्होंने 20 वर्ष पहले किया था।

उस ‘राजू’ से हमारी गहरी दोस्ती हो गई है और वह कहीं न कहीं हमारे भीतर बसा हुआ है। कार्तिक अच्छे कलाकार हैं लेकिन वे उस राजू की परछाई तक भी नही पहुंच पाएंगे।

Exit mobile version